बदायूं। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को बिजली सप्लाई ठप होने के कारण सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित रही। ऐसा ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण हुआ। तीन बजे के बाद सप्लाई चालू हो सकी।
जिला अस्पताल में चौबीस घंटे बिजली सप्लाई के लिए अलग से बिजली उपकेंद्र है। इसके लिए अलग से बिजली लाइन भी है। बिजली गुल होने की दशा में जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध है। बृहस्पतिवार को दिन में करीब 12 बजे जिला अस्पताल के बिजली उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से बिजली सप्लाई ठप हो गई। हालांकि, इसके बाद जनरेटर चालू करा दिया गया। जनरेटर से सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे मशीन नहीं चलती हैं। ऐसे में यह दोनों सेवाएं ठप हो गईं। लोगों को सीटी स्कैन और एक्स-रे कराने के लिए इंतजार करना पड़ा। ओपीडी दो बजे बंद हो गई। इसके बाद भी काफी लोग इंतजार में रुके रहे। करीब तीन बजे बिजली सप्लाई चालू होने के बाद सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे सेवा शुरू हो सकी। सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण कुछ देर को बिजली सप्लाई प्रभावित रही थी। संवाद