गिंदो देवी मे मिशन शाक्ति कार्यक्रम मे छात्राएं व शिक्षक।संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत नारी सशक्तीकरण पर ‘चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो’ कार्यक्रम में परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जानकारी दी गई, साथ ही शपथ भी दिलाई गई।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. वंदना शर्मा ने कहा कि अब चुप्पी तोड़ने और खुलकर बोलने का समय आ गया है, इसीलिए सभी महिलाओं, बालिकाओं को अपराजिता बनकर आगे बढ़ने की जरूरत है। आज भी माहवारी को शर्म का विषय मानते हुए इस पर खुलकर बात नही की जाती, लेकिन जागरूकता की इस कमी से किशोरियों में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इसीलिए बालिकाओं को चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलने की हिम्मत जुटानी होगी और स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा। असिस्टेंट प्रोफेसर सरला देवी चक्रवर्ती और उनकी टीम ने छात्राओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें आवश्यक टिप्स दिए। सत्र के बाद छात्राओं को इससे संबंधित शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर डॉ. इंदु शर्मा, डॉ. श्रद्धा यादव, डॉ. शिखा, डॉ. शिल्पी तोमर आदि मौजूद रहे।