फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी बोर्ड : परिणाम देखकर खुशी में झूम उठे विद्यार्थी

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम सौ फीसदी रहा। जिले में हाईस्कूल और इंटर के सभी बच्चे पास हो गए। यूपी बोर्ड के अधिकांश बच्चों को अपेक्षा के अनुसार नंबर मिल गए, जिससे उनके चेहरे खिले नजर आए। जिले में इस बार किसी को टॉपर घोषित नहीं किया गया है। टॉपरों की सूची जारी न होने से कई बच्चे मायूस हैं।
विज्ञापन

कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा नहीं हो पाई थी। हाईस्कूल और इंटर के छात्र-छात्राओं को पिछले प्राप्तांक के आधार पर पास कर दिया गया। यही वजह रही कि जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट सौ फीसदी रहा। शनिवार को रिजल्ट आने पर अधिकांश बच्चे प्राप्तांक देख खुशी से झूम उठे। हालांकि ऐसे बच्चे मायूस हैं जो अपने बलबूते टॉपर बनना चाहते थे।
जिले में 119 कॉलेज में हाईस्कूल के विद्यार्थी और 157 कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि जिले में इस बार हाईस्कूल के 22070 छात्र और 12246 छात्राएं संस्थागत थे। जबकि 137 छात्र और 69 छात्राओं ने व्यक्तिगत फार्म भरे थे। वहीं, इंटरमीडिएट में संस्थागत 15771 छात्र और 9285 छात्राएं पंजीकृत थे, जबकि 862 छात्र और 263 छात्राओं ने व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में अपना पंजीकरण कराया था। पंजीकरण कराने वाले हाईस्कूल व इंटर के सभी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हो गए।
विज्ञापन

पिछले साल की अपेक्षा 1616 छात्र-छात्राएं ज्यादा
यूपी बोर्ड की परीक्षा देने वालों की संख्या जिले में पिछले साल की अपेक्षा इस बार ज्यादा रही। पिछली साल हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं की संख्या 33558 और इंटरमीडिएट की 25529 रही। वहीं, इस बार हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं 34522 और इंटरमीडिएट में संख्या 26181 रही। यानी पिछले साल के मुकाबले इस साल 1616 बच्चे ज्यादा रहे।
तमाम परीक्षार्थियों को नहीं पता था अपना रोल नंबर
यूपी बोर्ड ने इस बार मुख्य परीक्षा नहीं कराई थी। ऐसे में बोर्ड की वेबसाइट पर पहले रोल नंबर दिए गए। तकनीकी कमी आने की वजह से बाद में कॉलेजों को रोल नंबर दे दिए गए थे। कोरोना संक्रमण की वजह से अधिकांश बच्चे कॉलेज नहीं जा पाए। इसकी वजह से तमाम बच्चों को रोल नंबर तक पता नहीं था। कई कॉलेजों ने रिजल्ट आने की जानकारी मिलने पर व्हाट्सअप ग्रुपों में छात्रों के रोल नंबर को साझा किया।
बदनाम स्कूलों को मिला फायदा
यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान जिले में नकल कराने के लिए बदनाम स्कूलों को काफी फायदा मिला। चर्चा है कि इस बार भी उन्होंने एडमिशन से लेकर बोर्ड की ओर से वेबसाइट पर मांगे गए नंबर को ज्यादा दिखाने के लिए बच्चों से धन उगाही की। वहीं कुछ कॉलेजों पर रोल नंबर देने के नाम पर बच्चों से वसूली की। अब सभी बच्चे पास हो गए तो इसका लाभ भी स्कूलों को मिलेगा।
अच्छे नंबर पाकर झूमे मेधावी स्टूडेंट्स
उझानी (बदायूं)। हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट आने पर अच्छे नंबर देख मेधावी बच्चे खुशी से झूम उठे। इससे स्कूल-कॉलेजों में जश्न का माहौल बन गया। बच्चों और स्टॉफ ने आपस में मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
देवनागरी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटर के सभी छात्र और छात्राएं पास हो गए। हाईस्कूल में छात्रा आर्शी अंसारी ने 89.99 फीसदी अंक के साथ कॉलेज में टॉपर किया है। इंटरमीडिएट में तुसार माहेश्वरी 80 प्रतिशत अंक पाकर कॉलेज में टॉपर रहे। परिणाम आने के बाद मेधावियों ने कॉलेज पहुंचकर साथियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का मुंह मीठा कराया। कॉलेज के डायरेक्टर संकेत मोहन शर्मा ने बताया कि मेधावी बच्चों में कई को अच्छे नंबरों की उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा नहीं होने से वे अपनी मेहनत के अनुरूप नंबर हासिल नहीं कर पाए।
भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 81 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। माही गुप्ता 87.66 अंक पाकर कॉलेज में अव्वल रही। इंटर में हिरा ने 80 प्रतिशत अंक के साथ कॉलेज टॉप किया है। प्रधानाचार्या सुजाता माथुर ने बताया कि सभी छात्राएं पास हो गई हैं।
आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में इंटर के 532 और हाईस्कूल के सभी 264 छात्र और छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। प्रबंधक टेकचंद्र यादव ने बताया कि आरती टीसी यादव इंटर कॉलेज बसावनपुर का रिजल्ट भी शत-प्रतिशत रहा है। इसके अलावा ओमप्रकाश शर्मा इंटर कॉलेज के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार शर्मा के मुताबिक- इंटर में छात्रा क्रांति ने 76 प्रतिशत अंक और आशीष कश्यप ने हाईस्कूल में 81.66 अंक के साथ कॉलेज में पहला स्थान पाया है। रिजल्ट के बाद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विमला हरिभवान अग्रवाल इंटर कॉलेज में मेधावियों की वजह से जश्न का माहौल रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें