बदायूं। सोमवार तड़के आई आंधी-बारिश में शहर में 5 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 12 तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिजली न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। सुबह के समय बिजली न होने के कारण लोगों को पानी की समस्या हो गई।
सिविल लाइंस, लाबेला चौक, रोजा, आवास विकास, लालपुल, कचहरी रोड सहित कई इलाकों में चार से पांच घंटे बिजली नहीं आई। बिजली गुल रहने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। पानी न होने से लोगों ने इधर-उधर से पानी लेकर कार्य किया। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और खराब रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में 12 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
कुंवरगांव। सोमवार तड़के सुबह आई तेज आंधी और बारिश ने एक बार फिर बिजली निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। सुबह बाधित हुई सप्लाई शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उसहैत। रविवार रात तेज आंधी के साथ शुरू हुई तेज बारिश के चलते जगह-जगह पेड़ गिर गए, जिससे बिजली लाइनों के तारों को भारी क्षति हुई। इसका परिणाम यह रहा कि बीती रात से ही बिजली गुल है। नगर के बिजली उपकेंद्र पर कुल नौ फीडर है। जिनमें चार ग्रामीण एवं पांच कृषि फीडर शामिल हैं।
सैदपुर में 11 घंटे गुल रही बिजली
सैदपुर। बारिश की वजह से 33 केवी की लाइन में खराबी आने से क्षेत्र की सवा लाख आबादी के अलावा डेढ़ दर्जन गांव प्रभावित हुए। अपराह्न दो बजे के बाद ही आपूर्ति बहाल हो पाई। जेई जसवीर सिंह ने बताया कि बारिश में पेड़ से 33 केवी लाइन टकराने से फॉल्ट हो गया था, जिसे सही करा दिया गया है।
33 केवी हुई ब्रेक डाउन, आंधी में गिरी दीवार
कादरचौक। लगातार तीन दिन से हो रही आंधी-बारिश के कारण कादरचौक विद्युत केंद्र से विद्युत सप्लाई रविवार रात मात्र 5 घंटे ही चल सकी।इसके बाद आंधी में 33 केवीए की लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इससे 77 गांव की विद्युत सप्लाई तीन दिन से बाधित चल रही है। आंधी में क्षेत्र के गंगीनगला के सतीश के घेर की दीवार गिर गई। कोई हानि नहीं हुई है। संवाद
12 घंटे बाद बहाल हो सकी 24 गांवों की आपूर्ति
फैजगंज बेहटा। कस्बा समेत आसपास के 24 गांवों में सुबह तीन बजे गुल हुई बिजली आपूर्ति शाम करीब तीन बजे बहाल हो पाई। एक घंटे बाद फिर फॉल्ट आने के कारण सप्लाई बंद हो गई। प्रभारी जेई बजरंगी लाल ने बताया कि 33 केवी लाइन पेड़ों के बीच में होकर आ रही है, जिसकी वजह से मौसम खराब होते ही लाइन में ब्रेकडाउन हो जाता है। संवाद
तेज आंधी-बारिश से छह घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
बिल्सी। सोमवार की सुबह तड़के आई तेज आंधी और बारिश ने नगर की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। उझानी विद्युत उपकेंद्र से नगर क्षेत्र को आने वाली मुख्य लाइन में फॉल्ट हो जाने के कारण करीब छह घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से दुकानदारों और छोटे व्यापारियों का कामकाज प्रभावित रहा। कई स्थानों पर इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। एसडीओ जेपी सिंह ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया था, जिसे समय रहते ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। संवाद
दो सौ गांवों की बिजली आपूर्ति रही ठप
सिलहरी। रविवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण विद्युत उपकेंद्र सालारपुर, सिलहरी, नवादा न्यू, कुरऊ और करौलिया से जुड़े करीब 200 गांवों में घंटों बिजली गुल रही। भगवतीपुर, बरातेगदार, बल्लिया, रजलामई, सनाय, दहेमी, कुनार, शिकरापुर, सिलहरी, सालारपुर, भरकुइयां, बस्तरा, मौजमपुर छज्जू, गुराई, बदरपुर, बावट, लखनपुर जैसे गांवों में तार और खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। किसानों की फसलों की सिंचाई रुक गई है।पेयजल के लिए सबमर्सिबल न चलने से परेशानी बढ़ गई है। उपखंड नवादा के एसडीओ शरद प्रताप ने बताया कि आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त फीडरों पर मरम्मत कार्य जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरम्मत पूरी होते ही बिजली आपूर्ति जल्द ही सुचारु कर दी जाएगी। संवाद