बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सक शनिवार को हड़ताल पर चले गए। उन्होंने कोलकात की घटना में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं निजी चिकित्सक भी हड़ताल पर हैं।
कोलकाता में दुष्कर्म के बाद जूनियर डॉक्टर की हत्या की घटना से चिकित्सकों में आक्रोश है। चिकित्सक घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सकों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। कोलकाता कांड के दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की गई। वहीं निजी चिकित्सकों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
राजकीय मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सक शनिवार की सुबह डयूटी पर न जाकर परिसर में एकत्र हो गए। कोलकाता की घटना को लेकर जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया। प्राचार्य डॉ. एससी प्रजापति ने कहा कि आईएमए ने ओपीडी बंद कर विरोध प्रदर्शन करने की अपील की थी। उसी के चलते ओपीडी बंद रहेगी। इमरजेंसी में अगर कोई गंभीर मरीज आता है तो उसको देखा जाएगा।
प्राचार्य ने कहा कि कोलकाता की घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के सभी डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं निजी चिकित्सक शनिवार को हड़ताल पर हैं। उन्होंने भी घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। चिकित्सकों के विरोध प्रदर्शन के चलते ओपीडी बंद होने से मरीजों की दिक्कतें बढ़ गई है।