शहर के बाजार में सजावट हुई। खरीदारी करने उमड़ी भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। दिवाली के स्वागत को शहर से लेकर देहात तक पूरी तरह तैयारी है। घरों से बाजार तक सजावट की गई है। युवा से लेकर बुजुर्ग तक उत्साह से लबरेज हैं। बाजार की चहलपहल भी लोगों को लुभा रही है। घरों, बाजारों में जगह-जगह फूलों और बिजली की झालरें से की गई सजावट देखी जा सकती हैं।
कोरोना काल के बुरे दौर से जूझे लोगों को लंबे समय बाद राहत मिली है। तनाव और अवसाद खत्म कर लोग पहले की तरह खुलकर जीना चाहते हैं। बड़ी संख्या में हुए कोविड टीकाकरण से भी लोग कोरोना के खौफ से बाहर निकले हैं। इस बीच आई दिवाली को लोग पूरे उत्साह से मनाना चाहते हैं।
शहर के बाजारों से लेकर मोहल्लों तक में दिवाली का उल्लास हिलोरें मार गया है। बच्चों ने जमकर आतिशबाजी छोड़ने की तैयारी की है। वहीं युवाओं का ज्यादा ध्यान दिवाली की सजावट और घर व खुद को कुछ अलग दिखाने पर है। यही वजह है जो बिजली की स्वचालित झालरों की जबर्दस्त खरीद हो रही है। बुधवार को सजी धजी दुकानों पर झालरों की जबदस्त खरीद हुई। फूलों की बिक्री भी जबर्दस्त तरीके से हुई। इसके अलावा मिठाई, पटाखे और अन्य उपहार भी जमकर खरीदे गए। संवाद