बदायूं। जिले में डेंगू के नए रोगियों की संख्या में पिछले दो दिन से भले कमी आ रही हो, लेकिन अब भी डेंगू से मौतों का सिलसिला जारी है। शनिवार को डेंगू के 15 नए रोगी मिले हैं। दहगवां में एक व्यक्ति की डेंगू से मौत भी हुई है। गंभीर बीमार 42 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिला जेल में लगातार फॉगिंग के बाद भी डेंगू के रोगी मिल रहे हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 16 स्थानों पर कैंप लगाकर बुखार पीड़ितों की जांच कराई गई। इस दौरान मलेरिया के चार रोगी मिले। 508 लोगों की एलाइजा जांच में 15 लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में डेंगू के अब भी 174 सक्रिय रोगी हैं। स्वास्थ्य विभाग भले ही धीरे-धीरे हालात सामान्य होने का दावा कर रहा है, लेकिन डेंगू से अब भी मौतें हो रही हैं। शनिवार दोपहर दहगवां के एक व्यक्ति की मौत हो गई। दहगवां निवासी 40 वर्षीय रामऔतार पुत्र छत्रपाल को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवारवालों ने सहसवान के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत यहां डेंगू की पुष्टि हुई। हालत में सुधार न होने पर परिवार वाले इलाज के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रामऔतार की रास्ते में मौत हो गई। सीएमओ डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर का कहना है कि पहले के मुकाबले नए रोगियों की संख्या में कमी आई है। संवाद