बिसौली। गंगा एक्सप्रेसवे का कछला गंगा घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर नागपुर के पास भी इंटरचेंज होना चाहिए ताकि एक्सप्रेसवे की सार्थकता बनी रहे। क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य इस मुद्दे को लेकर जल्द ही लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी से मुलाकात करेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे का करीब 92 किलोमीटर का हिस्सा बदायूं जिले से गुजर रहा है। बिसौली क्षेत्र के 60 किलोमीटर हिस्से में एक भी इंटरचेंज नहीं है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। प्रस्तावित नागपुर इंटरचेंज बनने से बिल्सी, बिसौली और सहसवान तहसील क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कछला के गंगा घाट के लिए भी यहां से रास्ता जाता है। इसलिए यहां इंटरचेंज बनना जरूरी है। इसके अलावा दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवाएं भी तेजी से पहुंच सकेंगी। क्षेत्रीय जनता ने शासन से जल्द इंटरचेंज निर्माण की मांग की है।