यूपी बोर्ड की परीक्षाएं की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राएं शहर में चल रही रात्रिकालीन बिजली कटौती के चलते ठीक से परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। इससे नाराज नव क्रांतिदल के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कटौती तत्काल बंद कराने की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष योगेश यादव ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रहीं हैं, लेकिन शहर में चल रही बिजली की रात्रिकालीन कटौती के कारण हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए कटौती बंद की जाए। जिला सचिव रचित सक्सेना ने कहा कि रात्रिकालीन कटौती के कारण शहर में असामाजिक तत्व भी काफी सक्रिय हो गए हैं। चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। कहा कि इन सब स्थितियों को देखते हुए रात्रिकालीन कटौती बंद की जानी चाहिए। अन्य वक्ताओं ने कहा यदि कटौती को बंद नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी बिजली महकमे की होगी।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अनिल यादव, गौरव कुमार सिंह, पंकज सक्सेना,बंटी शर्मा, कपिल, विलाल अब्बासी, रवि सक्सेना, शिवम, कुलदीप, शंकर, विश्वात्मा, पिंकू यादव, रोहित, कौशिक, विनीत, विवेक आदि थे।