सांई पालकी मे निकली हनुमान की झांकी।संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में शुक्रवार को भव्य साईं पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में भव्य झांकियां आकर्षण का विशेष केंद्र रहीं। गौरीशंकर मंदिर से निकाली गई शोभयात्रा का कई जगहों पर स्वागत किया गया।
साईं भक्त हर साल गौरीशंकर मंदिर से साईं पालकी शोभायात्रा निकालते हैं। शुक्रवार को भी शोभयात्रा मंदिर से प्रारंभ हुई जो आवास विकास, मुरादाबाद फर्रुखाबाद हाईवे से होती हुई विभिन्न मार्गों से गुजरी। शोभायात्रा में भक्त कीर्तन करते हुए चल रहे थे। नगर पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल की अगुआई में महिलाएं गीत गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुईं। काली मां और हनुमान जी का वेश धरे कलाकार सबके आकर्षण का केंद्र बिंदु रहे।
आयुष्मान वेलफेयर सोसायटी के अशोक सक्सेना ने स्टाल लगाकर शर्बत बांटा। इस मौके पर अमन गोयल, विनोद सोलंकी आदि शामिल रहे।
साईंराम मंदिर पर भक्तों ने बांटी खिचड़ी
बिल्सी। ओम साईंराम सेवा मंडल समिति के तत्वावधान में भक्तों ने सांईराम मंदिर पर खिचड़ी का वितरण किया। तमाम भक्तों ने यहां प्रसाद ग्रहण कर बाबा के भजनों का गुणगान कर आनंद लिया। इस मौके पर मंदिर के महंत राजीव पाठक, राजीव वर्मा, रामकिशोर शर्मा, सतपाल सिंह, झम्मन सिंह, सोनू, भूपेंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद