सावन के तीसरे सोमवार को जिले के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। गौरीशंकर मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को विनम्र व्यवहार और भीड़ पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पीलीभीत में सावन के तीसरे सोमवार पर जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। शहर के प्रमुख गौरीशंकर मंदिर में कांवड़ियों के जत्थे पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने गौरीशंकर मंदिर, शाही चौकी, टाइगर तिराहा समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, पार्किंग, कंट्रोल प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा भीड़ और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। कांवड़ मार्गों पर पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर निगरानी रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया और सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।