कछला पुल पर श्रद्धालुओं की भीड़
- फोटो : संवाद
बदायूं जिले के कछला गंगा घाट पर रविवार की शाम से लेकर देर रात तक लाखों कांवड़ियों की भीड़ उमड़ी। कछला पुल से लेकर घाट तक पैर रखने की जगह नहीं दिख रही थी। बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से गंगा घाट गूंज रहा था। गंगाजल लेकर रातभर कांवड़िये अपने गंतव्य के लिए रवाना होते रहे। सोमवार तड़के गंगा घाट पर भीड़ कम हुई। पुलिस फोर्स के बीच में कांवड़ियों ने स्नान किया।
तीसरे सावन के रविवार को पहले घंटों तक भीषण जाम रहता था, लेकिन इस बार प्रशासन के कड़े इंतजामों की वजह से रविवार की देर रात तक जाम की स्थिति नहीं दिखी। बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर सहित अन्य जिलों से पहुंचे कांवड़ियों ने गंगा घाट पर डुबकी लगाई और कांवड़ में जल भरकर अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हुए।
कछला पुल पर दिखी भारी भीड़
इस बार सबसे अच्छी बात यह रही कि श्रद्धालुओं को आने-जाने के लिए बाइपास और चौराहा दो रोड मिल गए, जिस कारण प्रशासन ने चार किलोमीटर पहले ही श्रद्धालुओं के डीजे रोक दिए, जिससे जाम की स्थिति नहीं बनी। डीजे की संख्या भी हजारों में बताई गई। पुलिस ने ड्रोन से कछला गंगा घाट और कछला पुल पर कांवड़ियों की भीड़ की तस्वीरें लीं। आसमान से पूरा कछला पुल भगवामय दिखाई दिए।