-शुक्रवार रात अज्ञात हमलारवरों ने दिया घटना को अंजाम
-रात में आहट होने पर घर से बाहर आया था श्रीपाल
शहर के मोहल्ला इंदिरापुरम में शुक्रवार रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने शुक्रवार रात वारदात को अंजाम दिया। मृतक श्रीपाल रात में आहट होने पर घर से बाहर आया था। इसी दौरान उसके सीने पर गोली मार दी गई। मृतक के भाई ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिविल लाइंस थाने के मोहल्ला इंदिरापुरम निवासी श्रीपाल (45) पुत्र निहाल सिंह शुक्रवार रात अपने घर में सो रहा था। रात में करीब दो बजे मोहल्ले में कुत्ते भौंक रहे थे। श्रीपाल के परिवार वालों के मुताबिक उसके दरवाजे पर कुछ आहट हुई। इस पर श्रीपाल दरवाजा खोलकर घर से बाहर निकला। जैसे ही वह बाहर आया हमलावरों ने श्रीपाल को गोली मार दी। गोली उसके सीने पर गली। फायर की आवाज होने पर परिवार वाले जाग गए। श्रीपाल खून में लथपथ जमीन पर पड़ा था। रात में ही उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार वालों के मुताबिक उनकी किसी से रंजिश नहीं है। वारदात को अंजाम क्यों दिया गया यह भी वह नहीं बता पा रहे हैं। मृतक के भाई तेजपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
------
मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। परिवार वाले किसी रंजिश की बात से इंकार कर रहे हैं। मामले में पड़ताल की जा रही है। जल्द वर्क आउट कर दिया जाएगा।
-जमीरुल हसन, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस