बदमाशों ने शुक्रवार की रात मुजरिया थाने के गांव लहरा असदुल्लापुर में लकड़ी ठेकेदार कुंवरपाल के घर धावा बोला। बरामदे में सो रही उनकी मां कलावती की पीटकर हत्या कर दी और उनके शरीर से सोने-चांदी के जेवर उतार लिए। कलावती के नाती और नातिन को भी बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। नाती की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर किया गया है। रात में ही एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह मौके पर पहुंचे। बदमाशों को पकड़ने के लिए दो टीमों को लगाया गया है।
कुंवरपाल परिवार के साथ कमरे में सो रहे थे। कलावती (55) घर के बाहर बरामदे में और पिता तोताराम घेर में सो रहे थे। कलावती के साथ कुंवरपाल का 11 वर्षीय पुत्र गजेंद्र और आठ साल की बेटी ममता भी सो रही थी। रात में एक बजे चार-पांच बदमाश घर में घुस आए और बरामदे में सो रही कलावती को दबोच लिया। कलावती के कुंडल, लौंग और पाजेब लूटने की कोशिश की। विरोध किया तो बदमाशों ने रॉड, सरिया से कलावती के सिर पर प्रहार कर दिए। उनकी मौत हो गई। चीख सुनकर पास सो रहा कलावती का नाती गजेंद्र और नातिन ममता जाग गए। बदमाशों ने उन्हें भी घायल कर दिया।
शोर-शराबा होने पर कुंवरपाल और तोताराम भी जाग गए। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों को ललकारा, तो बदमाश भाग गए। जाते-जाते बदमाश कलावती के शरीर से जेवर उतार ले गए। खबर मिलने पर रात में ही एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह, सीओ सहसवान उमेश यादव, सीओ बिल्सी जगदीश चंद्र मय फोर्स के गांव पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना कर कुंवरपाल के परिवार और गांव वालों से बात की। कुंवरपाल की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।