चोरों ने शुक्रवार रात घंटाघर चौराहा स्थित टेलरिंग के सामान की दुकान में हाथ साफ कर लिया। चोरों ने दुकान के सामान को छुआ तक नहीं, लेकिन गुल्लक उठा ले गए। खाली गुल्लक तड़के छत पर पड़ी मिली, उसमें रखी 70 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
पंजाबी कॉलोनी निवासी शंकरलाल मेंदीरत्ता की टेलरिंग के सामान की दुकान घंटाघर चौराहे पर है। दुकान मालिक का बेटा रामस्वरूप शुक्रवार शाम प्रतिष्ठान बंद कर घर चला गया। सुबह में दुकान खोलने पहुंचा तो शटर के ताले भी ठीक मिले। अंदर देखा तो गुल्लक गायब थी। दुकान में छत की ओर से अंदर खुलने वाले जीना की किबाड़ बेतरतीब देख उसने आसपास की दुकानों की छत की ओर नजर दौड़ाई। उसे बाउंड्री के पास गुल्लक पड़ी मिल गई। गुल्लक में रखे 70 हजार रुपये नहीं मिले। दुकान में चोरी की भनक लगते ही आसपास के दुकानदार भी पहुंच गए।
रामस्वरूप ने बताया कि उसके पिता पिछले दिनों यात्रा पर गए हैं। चोरी गए रुपयों में से उसके पिता के 50 हजार की रकम भी शामिल है। रामस्वरूप ने पड़ोसी दुकानदारों के साथ कोतवाली जाकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बाद में पुलिस कर्मियों ने मौका मुआयना भी किया। दुकान मालिक के बेटे की मानें तो चौराहे पर रात में पुलिस पिकेट भी रहती है। बता दें कि बृहस्पतिवार रात चोरों ने भर्राटोला मोहल्ले में बाईपास के समीप नई बस्ती निवासी पूर्व सैनिक शिशुपाल ठाकुर के घर से नकदी और सेलफोन चुरा लिया था।