ककराला चौकी पुलिस ने सोमवार की रात पशुओं का वध करने जा रहे एक कसाई को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए। पुलिस ने मौके से दो जिंदा पशु, छुरी आदि उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने गोवध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एक को जेल भेजा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन लोग पशुओं को लेकर ककराला स्थित अस्पताल के पीछे एक बाग में वध करने को ले जा रहे हैं। इस पर ककराला चौकी प्रभारी राजीव कुमार, सिपाही बाबू हसन पाशा और औसाफ अली बाग के पास पहुंचे। वहां कुछ दिखाई नहीं पड़ा। टीम जब बाग के अंदर पहुंची, तो झाड़ी के पीछे कुछ लोग दो पशुओं के साथ दिखाई दिए। एक पशु के चारों पैर बंधे हुए थे। वह जमीन पर पड़ा था। एक व्यक्ति उसको काटने की तैयारी में था। एक पशु को दो लोग पकड़े खड़े थे। पुलिस को देख तीनों लोग भागे, पुलिस ने एक को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि पकडे़ गए व्यक्ति ने अपना नाम इमराम पुत्र मोहम्मद जान निवासी वार्ड 21 ककराला बताया। अन्य दो लोगों की तलाश की जा रही है। एसओ जीत सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।