- एक वारदात नागपुर की, दूसरी चंदौसी रोड पर घटी
- एक घायल की हालत गंभीर, बदायूं रेफर किया गया
कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर एक महिला और एक अन्य व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया। एक वारदात नागपुर गांव में हुई और दूसरी चंदौसी रोड पर गांव हरदासपुर के पास। घायल का सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
बिसौली कोतवाली के गांव लक्ष्मीपुर निवासी रईस उद्दीन पुत्र मोइन उद्दीन रविवार को अपनी 60 वर्षीय मां आसीन बेगम को दवा दिलाने चंदौसी गया था। देर शाम मां-बेटे चंदौसी से लौट रहे थे। रास्ते में गांव हरदासपुर के पास रईस और उसकी मां पर फायरिंग कर दी गई। इसमें गोली लगने से आसीन बेगम घायल हो गई। रईस का आरोप है कि उसकी रंजिश गांव के ही एक व्यक्ति से चल रही है। उसी ने ही अपने साथियों के साथ उस पर कातिलाना हमला किया। आसीन को बिसौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना बिसौली कोतवाली के गांव नागपुर में हुई। गांव के तुलाराम (35) पुत्र कुंवरसेन का अपने ससुरालियों से विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही है। तुलाराम का आरोप है कि रविवार रात उसका ससुर ओम प्रकाश उसके घर आया। यहां विवाद होने पर ओम प्रकाश ने उसको गोली मार दी। कुंवरसेन को बिसौली सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।