पिता के पास खेत पर जा रही बच्ची को रास्ते में मार डाला
- गला घोंटकर हत्या, दोनों पैरों की नसों को ब्लेड से काटा
गांव अचौरा में एक बच्ची के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह बच्ची अपने पिता के पास खेत में जा रही थी। शाम को उसका शव मिला। पैर की नसें कटी हुई थीं, गले में भी कुछ निशान दिखे, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी हत्या की गई। खबर मिलने पर एसपी सिटी अनिल यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अभी हत्या की वजह सामने नहीं आई है, न ही हत्यारे का कोई सुराग लग सका है। परिवार वालों ने किसी से रंजिश की बात भी नहीं की है।
उझानी कोतवाली के गांव अचौरा निवासी अकबर अली रविवार को अपनी पत्नी के साथ काम करने खेत पर गया था। सुबह करीब 10 बजे घर से अकबर की आठ वर्षीय बेटी मदीना कुछ सामान पहुंचाने को घर से खेत के लिए निकली लेकिन वह खेत पर पहुंची ही नहीं। शाम को जब अकबर और उसकी पत्नी घर पहुंचे। इन लोगों ने देखा कि मदीना घर पर नहीं है। इसके बाद पूरा परिवार बच्ची की तलाश में जुट गया। देर रात अकबर के खेत से कुछ दूरी पर उसके भाई कल्लू के खेत में मदीना का शव पड़ा मिला। गले में कुछ निशान दिखे और उसके दोनो पैरों की नसें भी कटी हुई दिखी, जिससे आशंका व्यक्त की गई कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। परिवार वालों से घटना की जानकारी भी ली। देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
कहीं वही युवक तो नहीं मदीना का हत्यारा
उझानी। अचौरा गांव के लोगों ने रविवार दोपहर एक नशेड़ी किस्म के युवक को गांव में पकड़ा था। यह युवक देशन नगला गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मदीना के परिवार वालों के साथ गांव के लोगों को भी शक है कि कहीं उसी युवक ने तो मदीना की हत्या नहीं की, मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अनिल यादव ने युवक की तलाश में एक पुलिस टीम को देशन नगला गांव भेज दिया है। मदीना के परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है।
मामले में पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव वालों और बच्ची के परिवार वालों से वार्ता के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
- अनिल यादव, एसपी सिटी