दिल्ली-बदायूं हाईवे पर मचौना की मढ़ैया गांव के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक महिला और उसकी बहू की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने अकबराबाद चौराहे पर जाम लगाकर दो वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। बाद में अधिकारियों ने लोगों को शांत कर जाम खुलवाया।
सहसवान के मोहल्ला अकबराबाद निवासी बुद्धसेन अपनी मां भागवती (42) और पत्नी अनीता (26) के साथ देवी की जात करने सुबह करीब सात बजे कादराबाद जा रहे थे। तीनों मचौना की मढैयां तक बाइक से गए फिर वहीं रुककर सड़क किनारे खड़े होकर अन्य साथियों का इंतजार करने लगे। उसी समय दिल्ली की ओर से आए ट्रक ने सास-बहू को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बुद्धसेन को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
हादसे से नाराज लोगों ने अकबराबाद चौराहे पर जाम लगा दिया, दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए और सड़क पर कूड़ा करकट एकत्र कर आग लगा दी। इससे चौराहे पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीएम संजय कुमार सिंह, तहसीलदार आरएन शर्मा, सीओ सहसवान मुन्नालाल, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर, सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान, कोतवाल कुशलवीर सिंह समेत आसपास के कई थानों की पुलिस पहुंच गई। मौके पर पीएसी को भी बुला लिया गया। इसके बाद लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया गया। साथ ही ट्रक के नंबर के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।