पुलिस के पीछा करने पर ट्रक छोड़कर भाग गए तस्कर
ट्रक में भरे 10 पशुओं की हो चुकी थी दम घुटने से मौत
तमाम कोशिशों के बाद भी गोवंशीय पशुओं की तस्करी पर रोक नहीं लगा पा रही। रविवार सुबह पुलिस ने गोवंशीय पशुओं से भरा हुआ ट्रक पकड़ लिया। पशुओं को वध के लिए ले जाया जा रहा था। मौका पाकर पशु तस्कर भाग गए। बरामद पशुओं को पुलिस ने ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया है। गोवंशीय पशुओं से भरा ट्रक कलान की ओर से आ रहा था।
रविवार तड़के उसावां थाने की बाराकलां पुलिस चौकी के पास से रविवार सुबह करीब छह बजे एक ट्रक गुजरा। शक होने पर पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक दौड़ा दिया। चौकी के एक सिपाही ने कुछ ग्रामीणों के साथ बाइक से ट्रक को पीछा शुरू कर दिया। करीब एक किलोमीटर दूर बदायूं रोड पर एक ढाबा के पास तस्कर ट्रक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कब्जे में लेने के बाद ट्रक की तलाशी ली तो इसमें गोवंशीय पशु भरे हुए थे। ट्रक से 45 गोवंशीय पशु मिले। इनमें 10 पशुओं की मौत हो चुकी थी। लिखा-पढ़ी के बाद पुलिस ने पशुओं को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। मरे हुए पशुओं को दफन कर दिया गया। थाना पुलिस ने मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नशा देकर ट्रक में भरे गए थे पशु
उसावां। ट्रक से जब पशुओं को निकाला गया तो सभी पशु नशे में थे। जाहिर है कि पशुओं को नशे के इंजेक्शन देने के बाद ट्रक में भरा गया था। इससे पहले भी नशा देकर पशुओं को ट्रक में भरने का मामला सामने आ चुका है। पिछले दिनों सिविल लाइंस पुलिस ने गोवंशीय पशुओं से भरा ट्रक पकड़ा था। इसमें बरामद पशु भी नशे में थे।
तीन नए पुल खुलने के बाद बढ़ी पशु तस्करी
बदायूं। जिले में गंगा और रामगंगा में तीन नए पुल बनने के बाद पशु तस्करी बढ़ी है। कादरचौक में गंगा पर कादरगंज, उसहैत में अटैना और दातागंज में रामगंगा पर बेलाडांडी पुल पिछले साल चालू हो चुके हैं। कादरगंज पुल बने के बाद एटा, इटावा, कासगंज और मैनपुरी से बदायूं की दूरी कम हो गई है। इधर उसहैत में अटैना घाट पुल बनने से बदायूं से फर्रुखाबाद की दूरी घट गई है। बेलाडांडी पुल ने बदायूं से शाहजहांपुर, बरेली की दूरी को कम कर दिया है।
वर्जन-
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रक मालिक को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। कुछ क्लू मिले हैं। उम्मीद है कि पशु तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-अनिल यादव, एसपी सिटी