बोलेरो और ट्रैक्टर की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। बोलेरो सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए। हादसा बुधवार शाम इस्लामनगर-बहजोई रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुआ। अस्पताल में भर्ती घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस्लामनगर थाने के गांव अलहपुर समसपुर के नीतेंद्र (25) शिशुपाल अपने छोटे भाई दीपेंद्र और गांव के पंकज के साथ बोलेरो गाड़ी से इस्लामनगर आया था। शाम को यह लोग गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में बहजोई रोड पर पेट्रोल पंप के पास बोलेरो सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में नीरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। दीपेंद्र और पंकज घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर लेकर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रॉली और बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।