मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है मृतक राकेश
हत्या की पीछे वजह बताई जा रही प्रेम-प्रसंग
भारत संचार निगम लिमिटेड में ठेके पर काम करने वाले राकेश नाम के युवक की शनिवार रात मोहल्ला गांधी नगर में छत फेक कर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता की ओर से एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में पता लगा है कि वारदात के पीछे वजह प्रेम-प्रसंग है।
मूल रूप से बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद के गांव नौरंगाबाद निवासी राकेश (35) पुत्र जसवंत सिंह बीएसएनएल में ठेके पर काम करता था। टॉवर का ठेका उसके रिश्तेदार सुनील के पास ही है। शहर कोतवाली के मोहल्ला गांधी नगर में पप्पू के मकान में राकेश किराए पर रहता था। इसी मकान में किराए पर रहने वाली एक महिला से राकेश का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार की रात महिला अपने कमरे में नहीं थी। उसका पति रात करीब दो बजे जागा तब उसे शक हुआ। वह सीधे राकेश के कमरे की ओर पहुंचा। यहां उसकी पत्नी राकेश के साथ थी।
इसके बाद यहां काफी हंगामा हुआ। मकान के अन्य लोगों के साथ पड़ोसी भी जाग गए। इसके बाद युवक अपनी पत्नी को अपने कमरे में ले आया। बताते हैं कि राकेश छत पर चला गया। यहां से गिरने से उसकी मौत हो गई। राकेश के पिता जसवंत का आरोप है कि उसको छत से फेंका गया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हेड इंजरी बताई गई है। जसवंत की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति को नामजद करते हुए तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-----
प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का पाया गया है। मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ की। लोगों का कहना है कि राकेश अकेला छत पर था। वह खुद गिरा या उसे वहां से फेका गया यह पड़ताल का विषय है। तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली
-----
रात में दो बजे वारदात छोड़ गई कई सवाल
बदायूं। वारदात रात में करीब हो बजे हुई। खबर मिलने के बाद तुरंत की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह की मानें तो वहां मौजूद लोगों से उन्होंने पूछताछ की। लोगों ने बताया कि राकेश अकेला छत पर था। शोर-शराबा होने पर मकान मालिक समेत आसपास के लोग भी जाए गए थे। महिला राकेश के कमरे में मिली थी। इससे राकेश घबरा गया था। महिला के पकड़े जाने के बाद वह भागने के लिए खुद ही छत पर गया था। हालांकि, सच्चाई क्या है यह तो जांच के बाद ही पता लग सकेगा। रात में दो बजे हुई वारदात के कई पहले सुलझाना पुलिस को चुनौती से कम नहीं होगा।