76 बिजली कनेक्शन काटे, 32 ने कराया ओटीएस
अलापुर थाना क्षेत्र के दो गांवों में बिजली चोरी करने वाले 13 कनेक्शनधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं, 76 लोगों के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 32 लोगों को ओटीएस स्कीम के तहत रजिस्ट्रे्रशन कराया गया।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय खंड के एक्सईएन छैलबिहारी ने बताया कि विद्युत विभाग के जेई नयन पाल और विनोद कुमार के नेतृत्व में अलापुर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर हुरियाई और इकरी बसियानी में अभियान चलाया। इस दौरान हसनपुर हुरियाई में दो और इकरी बसियानी 11 कनेक्शनधारकों ने बिना बिल जमा किए हुए ही कनेक्शन जोड़ लिया था। इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। इन लोगों पर करीब आठ लाख रुपये बिजली बिल बकाया था। वहीं, 76 लोगों के कनेक्शन बिजली बिल जमा न करने पर काटे गए। इस मौके पर 32 लोगों ने वन टाइम सेटलमेंट स्कीम के तहत रजिस्ट्रेशन कराया। अभियान के दौरान करीब सवा दो लाख रुपये राजस्व वसूली की गई।