बरेली मथुरा हाईवे पर इस्लामियां इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक शॉपिंग मॉल का शटर तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह जब मॉल स्वामी को हुई तो उन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। बाद में बरेली से पहुंची फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी यहां सबूत खंगाले। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। मॉल का इंश्योरेंस भी है।
शहर के जालंधरी सराय निवासी प्रदीप गुप्ता का बरेली-मथुरा हाईवे पर इस्लामियां इंटर कॉलेज के सामने गुप्ता ट्रेडर्स नाम से शॉपिंग मॉल है। गुरुवार रात चोरों ने किसी तरह से शॉपिंग मॉल का शटर तोड़ लिया। इसके बाद यहां से 33 हजार रुपये की नकदी समेत 190 पंखों समेत करीब सात लाख रुपये का माल साफ कर दिया। चोर यहां से एक लैपटॉप भी ले गए। शुक्रवार सुबह प्रदीप गुप्ता मॉल पर पहुंचे तो शटर देखकर दंग रह गए। मॉल के भीतर भी तमाम सामान बिखरा पड़ा था। इन्होंने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। बाद में बरेली से फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी यहां पहुंच गई। फॉरेंसिक एक्सपर्ट को कुछ सबूत मिले हैं। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बदायूं। मॉल स्वामी प्रदीप गुप्ता की मानें तो रात में बिजली सप्लाई बंद होने की वजह से मॉल के सीसी कैमरे भी काम नहीं कर रहे थे। हालांकि मॉल में इनवर्टर लगा हुआ है लेकिन प्रदीप गुप्ता का कहना है कि इनवर्टर की बैट्री भी डाउन थी। अगर कैमरे चल रहे होते तो घटना का खुलासा आसानी से हो सकता था।
बदायूं। बरेली-मथुरा हाईवे काफी व्यस्त रहता है। इस पर पूरी रात ट्रैफिक चलता है। बावजूद इसके चोर मॉल में हाथ साफ करने में कैसे कामयाब हो गए। इसको लेकर पुलिस भी दंग है। इंस्पेक्टर कोतवाली एसएस बराच का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक एक्टसपर्ट की भी मदद ली जा रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।