सोमवार रात मेरठ हाइवे पर हुआ था हादसा
बदायूं-मेरठ हाईवे पर उस्मानपुर गांव के पास सोमवार रात हुए सड़क हादसे में घायल जोगेंद्र नाम के युवक की भी जिला अस्पताल में मौत हो गई। तोताराम और राम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक ही गांव में तीन लोगों की हादसे में मौत से गांव का माहौल गमगीन है।
जरीफनगर के गांव खनुआ नगला निवासी तोताराम (26) पुत्र राम प्रसाद, राम प्रकाश (27) पुत्र छोटे लाल, जोगेंद्र (28) पुत्र श्रीदेव सोमवार रात बाइक से क्षेत्र के गांव जरेठा में एक दावत में जा रहे थे। बाइक को मेरठ हाइवे पर उस्मानपुर गांव के पास एक कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में तोताराम और राम प्रकाश की मौके पर मौत हो गई थी। जोगेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार देर रात इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मंगलवार को पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया। दोपहर बाद तीनों शव जब गांव ले जाए गए तो उनके घरों में कोहराम मच गया। महिलाओं के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिवार वालों ने गांव में तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया।