भटौली गांव में रात के अंधेरे में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। भयभीत ग्रामीण घरों में दुबक गए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने के बाद ही मामला शांत हुआ।
थाना क्षेत्र के गांव भटौली में शनिवार की शाम नौ बजे गांव के ही कुछ युवक गांव के बाहर बाजार में नशे में गाली गलौज कर रहे थे। इस पर आसपास के लोगों ने विरोध जताया। तभी शराबियों और कुछ लोगों में कहासुनी हो गई। उस समय अन्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला निपट गया, लेकिन कुछ देर बाद गांव के अंदर दोनों पक्षों के समर्थक जुट गए। इसी बीच हवाई फायरिंग शुरू हो गई। इससे गांव में दहशत फैल गई। फायरिंग से भयभीत लोग घरों में कैद हो गए। किसी की समझ में ही नहीं आ रहा था कि अचानक गोलियों क्यों चलने लगीं। इसी मध्य किसी व्यक्ति ने फोन पर सूचना दे दी। जिस पर समरेर चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस के आने से उत्पात मचाने वाले भाग गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित में एक दूसरे को आरोपित करते हुए तहरीर भी दी है। कोतवाल वीरपाल सिरोही ने बताया कि एक ही व्यक्ति ने मात्र तीन फायर किए हैं। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बाकी लोगों को भी चिह्ंित कर लिया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल मामला शांत है।