कछला क्षेत्र के गांव चौसिंगा से किशोर रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। वह घर बाजार जाने की कहकर निकला था। उसका सुराग नहीं लगने से परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका सताने लगी है। रविवार को कछला चौकी पर पहुंचे घरवालों ने पुलिस को गुमशुदगी से अवगत कराया है।
चौसिंगा निवासी ओमवीर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र लोकेश कुमार सात जनवरी को घर से कछला के लिए यह कहकर निकला था कि उसे घरेलू सामान खरीदकर लाना है। उसके पास रुपये भी थे। शाम को वह नहीं लौटा तो पिता समेत घरवालों ने तलाश शुरू कर दी। आसपास रिश्तेदारियों और परिचित लोगों के पास जाकर भी लोकेश के बारे में पूछताछ की गई। ओमवीर ने बताया कि तीन बाद भी लोकेश का सुराग नहीं लगने से अनहोनी की आशंका सताने लगी है।
पिता ओमवीर ने रविवार सुबह में कछला पुलिस चौकी इंचार्ज सुभाष यादव से संपर्क साधा। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम से भी अवगत कराया है। उन्हें लोकेश की गुमशुदगी की तहरीर भी सौंप दी गई है। इधर, नगर के मोहल्ला बहादुरगंज से 25 सितंबर-2015 को रिश्तेदारी में जाते वक्त गायब 70 वर्षीय दीनदयाल का अभी तक पता नहीं लग पाया है। दीनदयाल के घरवालों का कहना है कि उनकी किसी से ऐसी कोई रंजिश भी नहीं है जो बुजुर्ग को नुकसान पहुंचाए। दीनदयाल की गुमशुदगी की पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।