हाईस्कूल में पढ़ता था छात्र वीरपाल, भाई ने दी पुलिस को तहरीर
क्षेत्र के गांव गनगोला निवासी 20 वर्षीय छात्र का शव गनगोला इंटर कॉलेज के पीछे तराई हार में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का कहना है कि युवक के गले पर फंदे के निशान हैं। इससे साफ है कि उसकी हत्या की गई। इस आशंका के चलते पुलिस को तहरीर दी है।
मृतक वीरपाल पुत्र सत्यपाल पाली सोमवार की रात करीब आठ बजे गांव में डीजे सुनने के लिए गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक न आने पर परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे गनगोला इंटर कॉलेज के पीछे तराई हार में कुछ लोगों ने शव पड़ा होने की सूचना दी, तो युवक को ढूंढ रहा परिवार भी वहां पहुंच। वहां वीरपाल का शव देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि वीरपाल हाईस्कूल का छात्र था और चार भाईयों में सबसे छोटा था। उन्होंने बताया कि उसके गले पर फंदे के निशान मिले। भाई नरेशपाल ने पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ की जा सकेगी।