स्विफ्ट कार सवार पांच बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर उल्ला मोड़ के पास सराफा व्यापारी के बेटे अभिषेक रस्तोगी उर्फ रिंकू से एक लाख रुपये का माल लूट लिया। लूटपाट कर भागते समय बदमाश अभिषेक की कार की चाबी भी ले गए और डंडे मारकर कार के शीशे भी तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश इस्लाम नगर की तरफ भाग निकले। घटना के विरोध में सराफा व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर थाने पहुंच गए और उन्होंने बढ़ती लूटपाट पर रोष जताया।
इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला बमनपुरी के उमेश रस्तोगी कई साल से चंदौसी के आवास विकास में रहते हैं। उमेश रस्तोगी कस्बे के बड़े सराफा व्यापारियों में शुमार हैं। उनकी सराफ की दुकान इस्लामनगर में है। वह रोज इस्लामनगर आते हैं। सोमवार को उमेश रस्तोगी का बेटा अभिषेक रस्तोगी उर्फ रिंकू दुकान खोलने वैगनआर कार से इस्लामनगर आ रहा था। चंदौसी-इस्लामनगर रोड पर पूर्वाह्न 11 बजे इस्लामनगर की ओर से आ रही स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने उसकी वैगनआर कार को रोक लिया। कार रुकते ही पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया। दो बदमाशों ने डंडों से हमला कर कार के शीशे तोड़ दिए। बाकी के तीन बदमाशों ने पूरी कार खंगाल ली। बदमाशों ने कार में रखे एक लाख से भरे जेवर का बैग और अभिषेक से मोबाइल लूट लिया और उसकी वैगनआर की चाबी भी छीन ली।
वारदात को देखकर खेतों में काम कर रहे किसान जब इस ओर दौड़े तो बदमाशों ने उन पर तमंचे तान दिए। लूटपाट के बाद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर इस्लामनगर की ओर भाग गए। खबर मिलने पर उमेश रस्तोगी यहां पहुंचे। बाद में तमाम व्यापारी थाने गए। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना को व्यापारियों में गुस्सा है। थानाध्यक्ष सीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश में टीम को लगाया गया है।
ज्यादा माल होने की थी बदमाशों को सूचना
इस्लामनगर। बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ होता है कि यह प्री-प्लान थी। इससे पहले उमेश रस्तोगी की रेकी किए जाने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
दरअसल, उमेश रस्तोगी रोज अपने बेटे अभिषेक के साथ चंदौसी से इस्लामनगर आते हैं। बड़े सराफा व्यापारी होने की वजह से इनके पास माल भी काफी होता है। सोमवार को अकेला अभिषेक इस्लामनगर के लिए निकला था। उमेश रस्तोगी कोई काम निपटाने के लिए चंदौसी में रुक गए थे। दुकान का नौकर भी चंदौसी में ही रुक गया था। जाहिर है कि उमेश रस्तोगी भी साथ होते तो उनके पास माल भी ज्यादा होता। बदमाशों को पता था कि पिता-पुत्र दोनों आ रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस वजह से ज्यादा माल जाने से बच गया। नगर पंचायत चेयरमैन वीरेंद्र लीडर और सपा नेता हितेंद्र शंखधार ने भी थाने पहुंच कर व्यापारी से लूट की घटना के बारे में जानकारी ली।
ओरछी चौराहे पर ग्रामीण से लूटपाट
आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा के गांव सुरैनी पापड़ी निवासी महेश रविवार रात गांव से चंदौसी जा रहा था। ओरछी चौराहे के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली। महेश से मारपीट करने के बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल और चार सौ रुपये की नगदी लूट ली। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
परचून दुकानदार के नौकर से नकदी-मोबाइल लूटा
जरीफनगर। थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर टप्पा वैश्य निवासी मुनेश कुमार दहगवां में शैलेष गुप्ता की परचून की दुकान पर नौकरी करता है। रविवार को दुकान बंद कराने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। दहगवां से करीब पांच सौ मीटर निकलने पर उसे बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने मुनेश से एक हजार रुपये नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसे चाकू मारकर जख्मी कर दिया।
पशुशाला से भैंस खोल ले गए चोर
बदायूं। सिविल लाइंस थाने के गांव लखनपुर से रविवार रात चोरों ने गांव के बंटी की पशुशाला से भैंस चोरी कर ली। काफी कोशिश के बाद भी भैंस नहीं मिली। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है।