-रुपये न देने पर व्यापारी को हत्या की धमकी दी थी
सराफा व्यापारी से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने वाले बदमाश बंटी यादव उर्फ उपदेश यादव को मुजरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वह मूल रूप से एटा के थाना पिलुआ के गांव रूपपुरा का रहने वाला है। मुजरिया थाने में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
बिल्सी के मोहल्ला नंबर एक निवासी सराफा व्यापारी अवधेश माहेश्वरी उर्फ अवधेश लड्डा से बंटी यादव नाम का बदमाश पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। पुलिस के मुताबिक, 26 मार्च को बंटी अपने एक साथी के साथ अवधेश की दुकान पर उनको धमकाने पहुंचा। दुकान पर अवधेश नहीं मिले तो मोबाइल पर पांच लाख रुपये रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है बंटी ने अवधेश से यह भी कहा कि उसके बच्चे पढ़ने बस से स्कूल जाते हैं उनको रास्ते में ही उतार लूंगा। अवधेश लड्डा के पास धमकी भरा फोन उस समय आया जब वह मुजरिया से बिल्सी लौट रहे थे। रास्ते में मुजरिया थाने के गांव नैथुआ के पास थे। अवधेश ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है कि इससे पहले बंटी रंगदारी में उनकी डेढ़ बीघा जमीन का बैनामा भी करा चुका है। मुजरिया पुलिस ने अवधेश की तहरीर पर बंटी के खिलाफ रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। मुजरिया एसओ ललित मोहन सिंह और एसआई प्रयाग राज ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर बंटी को रफीनगर और मुजरिया के बीच से गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बंटी यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पड़ताल की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-ललित मोहन सिंह, एसओ मुजरिया