-डिस्काउंट पर बाइक खरीदने उमड़े लोग
बीएस-3 सीरीज की बाइक के उत्पादन और बिक्री पर एक अप्रैल से सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद इन वाहनों पर पांच से 20 हजार रुपये तक के डिस्काउंट को लेकर शुक्रवार को भी जिले भर में बाइक शोरूम पर मारामारी रही। शहर में हीरो, बजाज और होंडा बाइक शोरूमों पर काफी संख्या में ग्राहक उमड़े। हंगामा भी हुआ। ऐसे में पुलिस को हलका बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि 31 मार्च के बाद बीएस-3 सीरीज के किसी वाहन का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। इसके बाद से ही वाहन निर्माता कंपनियों और डीलरों में खलबली थी। इन वाहनों की वजह से कंपनियों को ज्यादा नुकसान न हो, इसके लिए वाहनों पर पांच से 20 हजार रुपये का डिस्काउंट कर दिया गया। गुरुवार को एक दिन में सैकड़ों दुपहिया वाहन बिक गए। शुक्रवार को भी बाइक शोरूमों पर ग्राहकों की लाइन लगी रहीं। दातागंज तिराहे के पास स्थित एक बाइक के शोरूम पर तो ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस को बुलाना पड़ा। स्थिति पर काबू के लिए पुलिस को हलका बल प्रयोग करना पड़ा। दूसरे दिन भी जिले भर में सैकड़ों बाइक की बिक्री हुई। भीड़ की वजह से रोड पर जाम की स्थिति हो गई।
एआरटीओ ऑफिस में बढ़ी भीड़
बदायूं। शुक्रवार को बीएस-3 सीरीज के वाहनों के रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन था। ऐसे में एआरटीओ ऑफिस में भी वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने वालों की कतार लगी रहीं। यहां भी दिन भर भारी भीड़ रही। सैकड़ों की संख्या में लोग वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे।