डीएम के आदेश पर एसडीएम दातागंज ने कराई रिपोर्ट
ग्राम सभा की जमीन पर लगे पापुलर और यूकेलिप्टिस के 69 पेड़ रिटायर्ड दरोगा और उसके पुत्र ने मिलकर काट डाले। एसडीएम की जांच में दोषी मिलने पर पिता-पुत्र के खिलाफ उसावां थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। रिटायर्ड दरोगा ने अपने पुत्र के साथ मिलकर नीलामी से तीन दिन पहले ही यह सरकारी पेड़ काटकर लकड़ी ठिकाने लगा दी थी। इसकी शिकायत डीएम से की गई थी।
उसावां थाने की ग्राम पंचायत असधरमई में ग्राम सभा की भूमि गाटा संख्या 932 सर्विस रोड के पास पापुलर के 65 और यूकेलिप्टिस के चार पेड़ थे। इन पेड़ों की नीलामी 28 मार्च को तय की गई थी। गांव के निवासी रिटायर्ड दरोगा शिशुपाल सिंह ने अपने पुत्र अरुण कुमार सिंह के साथ मिलकर 25 मार्च को ही सभी 65 पेड़ काटकर लकड़ी ठिकाने लगा दी। इस बारे में शिकायत मिलने पर डीएम पवन कुमार ने जांच का आदेश एसडीएम दातागंज हरीराम यादव को दिया था। एसडीएम हरीराम यादव ने तहसीलदार मनोज प्रकाश के साथ मौका मुआयना कर गांव के लोगों से बात की। जांच में शिकायत सही पाई गई।
बुधवार को एसडीएम दातागंज, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सोहनलाल के साथ उसावां थाने पहुंचे। एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार ने रिटायर्ड दरोगा शिशुपाल और उसके बेटे अरुण कुमार के खिलाफ थाने में तहरीर दी। मामले में पुलिस ने रिटायर्ड दरोगा शिशुपाल सिंह और उसके बेटे अरुण कुमार सिंह के खिलाफ लोक संपत्ति अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हलका लेखपाल को थी जानकारी
उसावां। एसडीएम हरीराम यादव ने बताया कि सरकारी पेड़ काटे जाने संबंधी जानकारी हलका लेखपाल को थी। इसके बाद भी लेखपाल ने इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराया। एसडीएम ने कहा कि मामले में लेखपाल के खिलाफ भी जांच कराई जाएगी। अगर उसकी संलिप्तता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।