रेता से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार सुबह में बरेली-मथुरा हाइवे पर पलट गई। ट्रॉली पलटते ही आवागमन प्रभावित हो गया। आवागमन शुरू कराने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घंटाभर की मशक्कत के बाद वाहन निकलने शुरू हुए।
हादसा सुबह में करीब आठ बजे हुआ। कछला से रेता लोड करके उझानी को चली ट्रेक्टर-ट्रॉली का चालक कसबे के समीप ही स्पीड ब्रेकर पर नियंत्रण खो बैठा। लोड अधिक होने की वजह से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठ गया और ट्रॉली पलट गई। बरेली-मथुरा की ओर आने-जाने वाले वाहन फंस गए।
जानकारी होने पर कछला चौकी से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रॉली और रेता हटवाने के लिए ट्रैक्टर मालिक को भी बुलवा लिया। करीब एक घंटा तक मशक्कत के बाद रेता को दूसरी ट्रॉली में भरवा कर भिजवाया। तब कहीं जाकर हाइवे पर आवागमन शुरू हो पाया। बता दें कि रेता से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की वजह से पूर्व में हादसे भी हो चुके हैं।