कछला में शुक्रवार अपराह्न डिग्री कॉलेज के पास हादसा
घायलों में युवक की हालत गंभीर, तीनों जिला अस्पताल रेफर
कछला में जीबी पंत डिग्री कॉलेज के पास बेकाबू ट्रैक्टर ने बदायूं के बाइक सवार युवकों समेत राहगीर को रौंद दिया। बाइक भी चकनाचूर हो गई। हादसे की भनक गलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। घायलों में राहगीर युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
बरेली-मथुरा हाइवे पर हादसा शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे हुआ। कासगंज जा रहे बदायूं निवासी पप्पू (30) और उसका दोस्त गोविंद (25) जैसे ही डिग्री कॉलेज के पास पहुंचे सामने से बाइक सवार दोनों युवकों को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। बाइक के ऊपर से ट्रैक्टर पहिया भी उतर गया। जबकि पप्पू और गोविंद उछल कर सड़क किनारे करीब दो मीटर दूर जा गिरे। चालक ने ट्रैक्टर भगाने की कोशिश की तो कछला कसबे से सटे गंगाघाट निवासी उमेश मिश्रा का 20 वर्षीय बेटा शांतुल भी ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। टक्कर लगने से शांतुल का सिर फट गया।
हादसे की सूचना के बाद कछला चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने टेंपो के जरिए घायलों को यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। घायलों में शांतुल की हालत नाजुक बनी हुई है। पप्पू और गोविंद भी सही ढंग से बोल नहीं पा रहे हैं। चिकित्साधिकारी मोहम्मद तहसीन ने बताया कि शांतुल के सिर के पेट में भी गंभीर चोट है। उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर समेत फरार चालक का पता लगाने के पुलिस भी जुट गई है।