आढ़ती राजीव कुमार गुप्ता उर्फ राजू चौधरी के कार्यालय से 3.30 लाख रुपये चोरी के मामले में दूसरे दिन नौकरों और मजदूरों से पूछताछ की। पूछताछ करते वक्त वीडियो क्लिप भी बनाई गई। इधर, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
कोतवाल देवराज राठी ने रविवार पूर्वाह्न में आढ़ती राजू चौधरी से पहले उनके नौकरों को कोतवाली बुलाकर तलब किया। नौकरों की पूरे दिन की दिनचर्या से लेकर आढ़ती के कार्यालय पर आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल की गई। हालांकि पूछताछ के दौरान मजदूरों से भी पुलिस को कोई खास क्लू नहीं मिला लेकिन पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी गौर कर रही है।
नौकरों और मजदूरों के बयान की वीडियो क्लिप भी बनाई गई है। चोरी के शिकार व्यापारी से भी शक को लेकर बातचीत की। इस बीच, पुलिस ने तालों की चाबियां बनाने वाले लोगों को भी खंगालना शुरू कर दिया है। बता दें कि शनिवार दोपहर में आढ़ती के कार्यालय के तालों की चाबियां मिलाकर सेफ से 3.30 लाख रुपये की नकदी उड़ा ली थी। पुलिस ने राजू की तहरीर पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।