साधना शर्मा हत्याकांड का मामला
प्रभारी डीजीसी (क्रिमनल) साधना शर्मा की हत्या में वांछित पीसी शर्मा के खिलाफ कोर्ट ने बुधवार को गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। कोर्ट ने एक दिन पहले ही पीसी शर्मा की सरेंडर अर्जी को खारिज कर दिया था।
सीजेएम मोहम्मद असलम सिद्घीकी के कोर्ट में पीसी शर्मा के गैर जमानती वारंट जारी कराने के लिए विवेचक गोपीचंद्र यादव भी पहुंचे। उन्होंने सीएजेएम के समक्ष केस से जुड़ी जानकारियां भी पेश कीं। सुनवाई के बाद कोर्ट ने पीसी शर्मा के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। वांछित पीसी शर्मा ने कोर्ट में सरेंडर करने के लिए 26 जून को कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी लेकिन सरेंडर नहीं किए जाने के बाद कोर्ट ने एक दिन पहले ही अर्जी खारिज कर दी थी। पुलिस इससे पहले चार आरोपियों के गैर जमानती वारंट भी प्राप्त कर चुकी है। साधना शर्मा की 23 मई को हत्या कर दी गई थी। विवेचना के दौरान ही मृतका के करीबी पीसी शर्मा समेत आठ लोगों का नाम प्रकाश में आए थे। हत्याकांड में बदमाश मस्ताना समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
------
साधना शर्मा की हत्या में मुख्य आरोपी पीसी शर्मा की गिरफ्तारी के वारंट जारी हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के सर्विलांस सेल की भी मदद ली जाएगी। उसके करीबियों पर भी पुलिस की नजर है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी कोशिश की जा रही है।
-गोपीचंद्र यादव, प्रभारी निरीक्षक