-अलापुर में सोमवार रात हुई वारदात, पोस्टमार्टम कराया
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट बताई गई मौत की वजह
खलिहान में रखी अरहर की फसल की रखवाली कर रहे अधेड़ की सोमवार रात हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह सिर में गंभीर चोट बताई गई है। हालांकि, मृतक के परिवार के लोग किसी से रंजिश की बात से इंकार कर रहे हैं। मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है।
अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर 15 निवासी मुद्दस्सिर (45) पुत्र मुकद्दिस सोमवार को खाना खाने के बाद कस्बे के बाहर खलिहान में रखी अपनी अरहर की फसल की रखवाली करने गया था। खलिहाल में वह अपने भाई अजीत हुसैन से भी मिला। इसके बाद वह अपनी फसल देखने चला गया। रात में करीब 11 बजे अजीम अपने भाई के पास पहुंचा। यहां उसने चारपाई से चादर उठाई। चादर खून में लथपथ थी। इसके बाद उसने भाई को आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर वह सारी स्थिति को समझ गया। वह भाग कर घर पहुंचा। रास्ते में अल्ताफ और मुकर्रिम भी मिले। इनको उसने घटना के बारे में बताया। अल्ताफ और मुकर्रिम मौके पर पहुंचे तो मुद्दस्सिर की सांसें चल रहीं थीं। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक मुद्दस्सिर की मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई अजीम हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें मौत की वजह सिर में गंभीर चोट होना बताया गया है। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान के मुताबिक मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में पड़ताल की जा रही है।