गांव मोजुद्दीनगर के रहने वाले ब्लाक प्रमुख सुरेश यादव और इसी गांव के दस साल से प्रधान धर्मपाल यादव के बीच पुरानी चुनावी रंजिश चली आ रही है। पंचायत चुनाव में सुरेश यादव वार्ड नंबर 53 सोहरा से बीडीसी सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। सोहरा गांव का ही चरनजीत सुरेश यादव के खिलाफ चुनाव मैदान में है। शनिवार को प्रथम चरण की नाम वापसी थी। पुलिस के अनुसार, सुरेश यादव चरनजीत पर नाम वापसी का दवाब बना रहे थे. ताकि चुनाव निर्विरोध हो जाए। धर्मपाल यादव का संरक्षण पाए चरनजीत ने नाम वापस नहीं लिया तो शनिवार रात ब्लाक प्रमुख सुरेश यादव ने एक दर्जन लोगों के साथ चरनजीत घर पर धावा बोल दिया। यहां प्रधान धर्मपाल भी मौजूद थे। हमले के वक्त धर्मपाल पक्ष भारी पड़ा। सोहरा के ग्रामीणों ने सुरेश यादव को घेर लिया। उनकी बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुरेश यादव और उनके पुत्र दिनेश यादव समेत आधा दर्जन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। सभी लोगों ने यहां से भागकर जान बचाई।
इससे तिलमिलाए सुरेश यादव ने शनिवार रात में ही 10-11 बजे के बीच इस्लामनगर में केएमआईसी इंटर कॉलेज के पास स्थित धर्मपाल यादव के घर पर धावा बोला। फिल्मी स्टाइल में गाड़ियों से उतरे लोगों ने बाहर बैठे लोगों को धमकाकर भगा दिया। भनक लगते ही धर्मपाल के लोग भी एलर्ट हो गए। दोनों ओर से पथराव और फायरिंग हुई। गोली लगने से धर्मपाल पक्ष के 28 वर्षीय मदन लाल की मौत हो गई। धर्मपाल और उनका पुत्र मनवीर, विजेंद्र, कृपाल, दूसरे पक्ष के वीरेश, रनवीर और मनफूल घायल हो गए।
धर्मपाल के पुत्र मनवीर की ओर से सुरेश यादव, वीरेश, दिनेश, उमेश, रनवीर, मुकेश, राकेश, मनफूल, तेजपाल, भुवनेश, राजेश, पुष्पेंद्र, अमरपाल, डल्लू, देवेंद्र, रूपेंद्र, खुशीराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तेरह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, सुरेश यादव, दिनेश, उमेश और मुकेश फरार हैं।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कर 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चुनावी रंजिश का मामला है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सौमित्र यादव, एसएसपी