पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, महिला गिरफ्तार
कोतवाली क्षेत्र के गांव दिसौलीगंज में मां ने अपने डेढ़ साल के बेटे की गला घोटकर हत्या कर दी। ऐसा करके वह अपने पति और सास-ससुर को फंसाना चाहती थी। बच्चे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव दिसौलीगंज के राम खिलाड़ी की ससुराल उघैती थाने के गांव अल्लीपुर चाचीपुर में है। उसकी पत्नी प्रीति करीब तीन साल से मायके में रह रही थी। मायके में ही प्रीति के बेटा हुआ था। प्रीति ससुराल में रहना नहीं चाहती थी। नाते-रिश्तेदारों से दबाव बनवाकर राम खिलाड़ी रविवार को प्रीति को घर ले आया। सोमवार को राम खिलाड़ी, उसके पिता खेमकरन और परिवार के बाकी लोग खेत पर काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक उस वक्त राम खिलाड़ी की पत्नी और डेढ़ साल का बेटा घर में अकेला था। प्रीति ने चुनरी से बेटे का गला घोट दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई।
इसके बाद प्रीति ने किसी को कुछ नहीं बताया। वह चुपचाप घर के बाहर अनजान बनकर खड़ी हो गई। गांव का ही रूम सिंह कुछ देर के बाद राम खिलाड़ी के घर पहुंचा। उसने बेटे का शव पड़ा देखा तो दंग रह गया। तुरंत ही वह खेत पर पहुंचा। वहां राम खिलाड़ी को इस बारे में सूचना दी। वह तुरंत परिवार के साथ घर पहुंचा और बेटे की हत्या के बारे में सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ बिसौली निर्मल कुमार भी मौके पर पहुंचे। राम खिलाड़ी और उसकी पत्नी प्रीति को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। कोतवाली में राम खिलाड़ी और प्रीति से सीओ ने घंटों पूछताछ की तो पता लगा कि प्रीति ने अपने ससुरालियों को फंसाने के लिए बच्चे की हत्या की थी। राम खिलाड़ी की तहरीर पर प्रीति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।