शाहजहांपुर जिले के थाना कलान के गांव गियोढ़ी निवासी राजेश ने अपनी बहन गीता की शादी करीब चार साल पहले अलापुर थाने के गांव बिसारतगंज के आदर्श यादव के साथ की थी। एक साल पहले ही गौने की रस्म के बाद गीता मायके से ससुराल गई थी। राजेश का आरोप है कि ससुराली दहेज में बोलेरो कार की मांग कर रहे थे।
इस बारे में गीता ने उसको कई बार बताया। बुलेरो कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने गीता की हत्या कर दी। गांव के एक व्यक्ति ने इस बारे में राजेश को फोन पर बताया। वह गांव पहुंचा तो ससुराली खेत में गीता का शव जलाकर भाग चुके थे। खबर पर पहुंची पुलिस ने अधजला शव चिता से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया। राजेश की तहरीर पर पुलिस ने पति आदर्श यादव, ससुर रबेल सिंह, ननद रागिनी और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।