-हत्या की आशंका और पोस्टमार्टम से परिवार का इंकार
महावा नदी किनारे जंगल में घास लेने गए किशोर का शव पड़ा मिला है। परिवार वालों ने हत्या की आशंका से इंकार किया है। शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है। उनका मानना है कि किशोर को किसी जंगली जानवर ने शिकार बनाया है।
थाना जरीफनगर के गांव भोगाजीत नगलिया निवासी इंतजार का 14 वर्षीय बेटा अनश उर्फ अनीस गुरुवार दोपहर महावा नदी किनारे जंगल में घास लेने गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिवार वालों ने अनश की तलाश शुरू की। शक होने पर परिवार वाले गांव के लोगों के साथ रात करीब नौ बजे महावा किनारे जंगल में उसे तलाश करने पहुंचे। यहां अनश का शव पड़ा मिला। उसके चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। खबर मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। इंतजार का कहना है कि उसकी किसी से किसी तरह की कोई रंजिश नहीं है। उसने अनश की हत्या की आशंका से भी इंकार कर दिया। पुलिस को लिखकर दिया है कि उसके बेटे की किसी जंगली जानवर के हमले में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है।