हुसैनपुर गांव में गुरुवार सुबह वारदात से दहशत
कटरी की जमीन की पालेज को लेकर एक पक्ष के लोगों ने मल्लाह परिवार के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने पथराव भी कर दिया। पथराव में महिला घायल हो गई। हमलावरों ने जाते वक्त दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। वारदात गुरुवार सुबह हुई। फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर खेड़ा की है। गांव के डोरीलाल मल्लाह और इंद्रपाल परिवार के बीच पिछले दिनों कटरी की जमीन में पालेज की बुवाई को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया। लेकिन, गुरुवार सुबह दूसरे पक्ष के लोगों ने डोरीलाल के घर पर पथराव कर दिया। डोरीलाल की 53 वर्षीय पत्नी रामबेटी पथराव में घायल हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने जाते वक्त हवाई फायरिंग की। इससे गांव में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
खबर मिलने पर कछला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक हमलावर भाग चुके थे। घायल महिला को लेकर घरवाले कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाली गोपीचंद्र यादव को घटना के बारे में बताया। कोतवाल ने बताया कि घायल महिला के परिवारी पप्पू की तहरीर पर विजय, धीरज, रेशू और ओमकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-------
रंजिश में हो चुकी है छुटकन की हत्या
उझानी। हुसैनपुर खेड़ा में करीब तीन साल पहले भी दोनों पक्षों में फायरिंग और मारपीट की घटनाएं को चुकी हैं। गांव के छुटकन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। छुटकन की हत्या ने रंजिश और बढ़ गई। पुलिस ने रंजिश के चलते दोनों पक्ष के लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के लिए भी सूची तैयार करनी शुरू कर दी है।