गुरुवार शाम वारदात, पीड़िता का आज होगा मेडिकल
पुलिस मान रही पेशबंदी का मामला, बयान दर्ज होने बाकी
खेत पर गई 19 वर्षीय युवती के साथ गांव के ही पूर्व प्रधान ने दुष्कर्म किया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। हालांकि, पुलिस मामले में पेशबंदी से जोड़कर देख रही है। पीड़िता के 164 के बयान दर्ज होने अभी बाकी हैं।
इस्लामनगर थाने के एक गांव की करीब 19 वर्षीय युवती का आरोप है कि वह गुरुवार शाम खेत पर जा रही थी। रास्ते में गांव के पूर्व प्रधान बच्चू सिंह ने उसे घेर लिया। बच्चू सिंह तमंचे के बल पर उसे खेत में ले गया। वहां उससे दुष्कर्म किया। शुक्रवार सुबह युवती अपने परिवार वालों के साथ थाने पहुंची। उसने पूर्व प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान बच्चू सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़िता का मेडिकल शनिवार को कराया जाएगा। हालांकि पुलिस इस मामले को पेशबंदी से जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सही बात सामने आ सकेगी। प्राइमरी मेडिकल के बाद सोमवार को उसके कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
-----
युवती की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
-सीपी सिंह, एसओ इस्लामनगर