गांव के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
थाना जरीफनगर के गांव अंबियापुर में शुक्रवार शाम खेत की सिंचाई कर रहे किसान को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभी आरोपियों फरार हैं।
जरीफनगर के गांव अंबियापुर निवासी भगवान सिंह (50) पुत्र डालचंद्र शुक्रवार को अपने खेत पर सिंचाई कर रहा था। यहां उसकी किसी बात पर गांव के ही वीरेश, नीरेश, दुर्गेश और जमुना सिंह से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर इन लोगों ने भगवान सिंह पर फायरिंग कर दी। फायरिंग होने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भी पहुंच गए। हमलावर यहां से भाग चुके थे। भगवान सिंह खून में लथपथ पड़ा था। लोगों ने उसके परिवारवालों को खबर दी। परिवारवाले भी पहुंच गए। उसे स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में चारों के खिलाफ कातिलाना हमले की धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सिपाही घायल
बदायूं। बरेली रोड पर खेड़ा नवादा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से सिपाही घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डायल 100 के कार्यालय में तैनात सिपाही दीपक पोसवाल शुक्रवार शाम बदायूं की ओर जा रहा था। रास्ते में पहलवान साहब की मजार के पास उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे सिपाही घायल हो गया।
संदिग्ध हालात में महिला झुलसी
जरीफनगर/ दहगवां। थाना क्षेत्र के गांव पडरिया निवासी नन्हे की पत्नी संदिग्ध हालात में झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नन्हे अपने परिवार के साथ चंड़ीगढ़ में रहकर नौकरी करता था। कुछ दिन पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ गांव लौटा था। परिवार के बाकी लोग चंडीगढ़ में ही हैं।
बैंडबाजे वालों में मारपीट, दो घायल
सहसवान। बैंडबाजा संचालकों के बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना शुक्रवार सुबह की है। जय हिंद बैंड का संचालक परवेज मोहल्ला पठान टोला जहांगीराबाद से बारात चढ़वा कर लौट रहा था। रास्ते में डीपी यादव के आवास के पास दूसरी ओर से आ रहा रफीक बैंड का संचालक मिल गया। यहां रास्ता निकासी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें परवेज और कमरुल घायल हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।