इंदिरा आवास दिलाने के नाम पर ठगे गए ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि उनका पैसा वापस दिलाया जाए और ठग के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस बाबत उन्होंने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र भी दिया।
गांव सुजातगंज बेला निवासी नफीस अहमद, जान मोहम्मद, वाजिद, इबले हसन, रहील, असलम, बली अहमद, आबिद, शाह मोहम्मद, सूखे खां, रहीश अहमद और रियासत खां समेत दर्जनभर ग्रामीण मंगलवार को करीब 11 बजे तहसील पहुंचे। इनका आरोप था कि गांव खैरपुर खैराती के एक आदमी ने तीन साल पूर्व उनसे इंदिरा आवास दिलाने के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये लिए थे। मगर उनको इंदिरा आवास आज तक नहीं मिले। गांव वालों ने अपना पैसा वापस मांगा तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने कोतवाली में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन करते हुए ठगी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम हरिशंकर यादव की गैर मौजूदगी में तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को जांच कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।