अलापुर थाने के गांव इरौलिया में मंगलवार को वारदात
स्कूल जाने से इंकार करने पर मां ने कर दी थी पिटाई
कक्षा छह के छात्र ने स्कूल जाने से इंकार किया तो मां ने उसको दो थप्पड़ मार दिए। इस पर 13 साल के बच्चे ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने मिट्टी तेल उड़ेल कर खुद को आग लगा ली। परिवार वालों ने किसी तरह आग बुझाई। किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे के इस कदम ने परिवार वालों को हिलाकर रख दिया है।
अलापुर थाने के गांव इरौलिया निवासी पप्पू ने बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा हिलाल ककराला के फला-ए-आम इंटर कॉलेज में कक्षा छह का छात्र है। मंगलवार सुबह हिलाल ने स्कूल जाने से मना कर दिया। इस पर हिलाल की मां ने उसे डांटते हुए पीट दिया। इससे क्षुब्ध होकर हिलाल कमरे में गया और अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगा ली। आग की लपटें उठने पर परिवार के लोगों ने उसे बचाया, तब तक वह करीब 60 फीसदी झुलस गया। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई है। किशोर के उठाए गए आत्मघाती कदम से मोहल्ले के लोगों में भी खलबली मच गई।