महाराष्ट्र के नादेड़ में गुड़ की कढ़ाई में गिर गया था पप्पू
नादेड़ से बदायूं के जिला अस्पताल ले आया शव
ठेकेदार एक मजदूर के शव को जिला अस्पताल में छोड़कर भाग गया। अब वह कहां है किसी को पता नहीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले को इत्तफाकिया मान रही है। ठेकेदार की भी तलाश की जा रही है।
उसहैत थाने के गांव केशोपुर निवासी पप्पू (28) पुत्र बलबंद गांव के ही शेर बहादुर के साथ एक ठेकेदार के कहने पर महाराष्ट्र के नादेड़ जिले में मजदूरी करने गया था। यहां वह गुड़ बनाने के एक कारखाने में काम करता था। तीन दिन पहले काम करते वक्त पप्पू गुड़ की खौलती हुई कढ़ाई में गिर कर गंभीर झुलस गया। ठेकेदार ने उसे नादेड़ के अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत में सुधार न होने पर ठेकेदार पप्पू के गांव के शेर बहादुर के साथ गंभीर झुलसे पप्पू को बदायूं के लिए चल दिया। ठेकेदार ने शेर बहादुर और पप्पू को जिला अस्पताल में छोड़ दिया। बाद में मौका पाकर यहां से निकल गया। डॉक्टर ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने इस बारे में पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अभी रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला प्रथम दृष्टया इत्तफाकिया लग रहा है।