हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर राजेश यादव नाम के युवक की मौत हो गई। घटना वजीरगंज थाने के गांव नौली हरनाथपुर में हुई। मृतक के पिता की बिजली विभाग के खिलाफ तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वजीरगंज के गांव नौली हरनाथपुर निवासी राजेश यादव (27) पुत्र ऊदल सिंह यादव गूंगा था। मंगलवार को वह जानवर चराने खेत पर गया था। जानवर चराते वक्त खेत से होकर निकल रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में राजेश आ गया। लाइन काफी नीचे झूल रही है। करंट लगने से राजेश की मौके पर मौत हो गई। खबर मिलने पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और हलका लेखपाल राजेश शर्मा भी पहुंच गए। पुलिस ने राजेश का शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के पिता की तहरीर पर बिजली विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद राजेश के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव वालों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तहसील दिवस था। अधिकारी तहसील पर मौजूद थे, किसी ने मौके पर जाने की जहमत नहीं उठाई।
----
हादसों से सबक नहीं ले रहा बिजली विभाग
लोगों की जा रही जान, अफसर साधे हैं मौन
बदायूं। बिजली विभाग हादसों से सबक नहीं ले रहा है। जर्जर और काफी नीचे छूल रहीं बिजली लाइनों की चपेट में अक्सर लोगों की जान जा रही है। बारिश से पहले बिजली विभाग ने हादसों से निपटने के कोई इंतजाम नहीं किए।
बारिश का सीजन शुरू होने के बाद कादरचौक, बिसौली, सहसवान, जरीफनगर, वजीरगंज थानों में हाईटेंशन लाइनों की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो चुकी है। आए दिन विद्युत पोल में करंट आने से जानवारों की मौत होती है। इसके बावजूद बिजली विभाग सुध नहीं ले रहा। जिले में तमाम जगहों पर हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही हैं। अनुरक्षण के नाम पर बिजली विभाग मोटा बजट जरूर खर्च करता है, लेकिन सब सबके सामने है। सोमवार को शहर में ओवर ब्रिज के लोकार्पण से पहले हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई थी। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। ओवर ब्रिज इलाके में बिजली लाइन हटाने के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च हुआ था।