जिला पंचायत सदस्य ने डीएम से की शिकायत
बीएसए ने जांच कमेटी बनाई, कटरासआदतगंज के जूनियर स्कूल का मामला
शिक्षा विभाग में फर्जी तरीके से नौकरी करने के मामले अक्सर उजागर होते रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला प्रकाश में आया है। जिला पंचायत की सदस्य अनीता भारती ने डीएम के साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र देकर आरोप लगाया है कि कटरासआदतगंज स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फर्जी तरीके से नौकरी पा ली और वह रिटायर भी हो गया। बीएसए ने जांच के लिए एक कमेटी गठित की है।
जिला पंचायत सदस्य अनीता भारती का आरोप है कि विकास खंड उसावां क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटरा सआदतगंज में कार्यरत रहा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेश चंद्र पूरी तरह फर्जी है। इस विद्यालय में चपरासी रेवती शाक्य के हटने के बाद ग्राम इटौआ के मूल्लू कश्यप बीच में सर्विस से हट गया। इसी का फायदा उठाकर मुल्लू को मृतक दिखाकर मुल्लू उर्फ मुरली के नाम से एक मई 1976 से मृतक आश्रित की नौकरी हासिल कर ली, जबकि मुल्लू ग्राम इटौआ के रहने वाले थे और उनके पिता मुरली ग्राम परथरामई ग्राम पंचायत खेड़ा जलालपुर पुख्ता के रहन वाले थे। शिक्षा विभाग में 1974 से पूर्व में चपरासी पद पर नियुक्ति हुई। इसके बाद कोई भी सीधी भर्ती हुई नहीं अगर हुई तो शेष नियुक्ति आश्रित से हुई। जबकि महेश चंद्र की नियुक्ति 1976 में हुई है। अब रिटायर भी हो गया और सेवानिृवत्ति उपरांत पेंशन, फंड, बीमा, ग्रेच्युटी भी पाने के प्रयास में हैं,लिहाजा जांच कराकर वर्तमान के सभी देयकों को रोकते हुए सरकारी धन की वसूली की जाए। साथ ही धोखाधड़ी की रिपोर्ट कराई जाए।