बरेली रोड पर गांव सेनपुर के पास हुआ हादसा
रिश्तेदारी में जा रहे थे कोड़ा जयकरन के दोनों युवक
तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार देर शाम दातागंज-बरेली रोड पर गांव सेनपुर के पास हुआ। दोनों शवों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने इनके परिवार वालों को खबर दे दी है। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए हुए थे।
हजरतपुर थाने के गांव कोड़ा जयकरन निवासी विकास (18) पुत्र राजकुमार सक्सेना और लाखन (22) पुत्र मुन्ना लाल सक्सेना आपस में रिश्तेदार हैं। इनकी रिश्तेदारी बल्लिया गांव में है। शुक्रवार शाम यह दोनों लोग बाइक से बल्लिया स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए निकले थे। बाइक लाखन चला रहा था। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बरेली रोड पर सेनपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक मुड़ नहीं सकी और सीधी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में विकास और लाखन की मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोगों ने हादसे के बारे में पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों की शिनाख्त के बाद उनके परिवार वालों को सूचना दे दी है। देर शाम तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजे गए थे। इनका पोस्टमार्टम अब शनिवार को कराया जाएगा।